कोटद्वार। ग्रामीण क्षेत्रों को नगर पालिका में मिलाए जाने, बिगड़ती कानून और स्वास्थ्य व्यवस्था, महंगाई, भ्रष्टाचार के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोटद्वार की सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने शहर में जुलूस निकाला और तहसील में प्रदर्शन करने के बाद धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में उचित कार्रवाई को लेकर उपजिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा।
सोमवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. चंद्रमोहन खर्कवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय से तहसील तक जुलूस निकाला। तहसील में सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन कर धरना दिया। इस अवसर पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने प्रदेश सरकार पर जनविरोधी नीतियों को अपनाने का आरोप लगाया। कहा कि वर्तमान में विधानसभा कोटद्वार के जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लिए बिना ही भाजपा सरकार ने जबरन 35 ग्राम पंचायतों को नगर पालिका में मिलाने के प्रस्ताव पारित कर जनभावनाओं पर कुठाराघात किया है। भाजपा सरकार अपने निजी स्वार्थों के लिए ग्राम पंचायतों के अस्तित्व को समाप्त करना चाहती है। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रदेश सरकार उक्त प्रस्ताव को वापस नहीं लेगी तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जनांदोलन करेगी।
वक्ताओं ने कहा कि केंद्र-राज्य सरकार की गलत नीतियों के कारण लगातार बढ़ती महंगाई से आम लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। बीपीएल-एपीएल के राशन के कोटे में कटौती करने से गरीबों का निवाला छीना जा रहा है। कोटद्वार विधानसभा में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। दिनदहाड़े चोरी, डकैती एवं हत्याओं को अंजाम दिया जा रहा है। कोटद्वार विधानसभा में शराब एवं नशे का कारोबार फलफूल रहा है। आपदा पीड़ितों को नाममात्र की राहत राशि देकर भोले-भाले लोगों को प्रदेश सरकार ने ठगने का काम किया है। उन्होंने गढ़वाल के लोगों को हावड़ा कोच की सुविधा न मिलने पर सांसद भुवनचंद्र खंडूड़ी से इस्तीफे की मांग की है।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष डा. चंद्रमोहन खर्कवाल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रंजना रावत, सुनीता बिष्ट, विजय नारायण सिंह, जसवीर राणा, पूरण सिंह रावत, रवींद्र जजेडी, डा. गोविंद सिंह बिष्ट, गीता नेगी, पिंकी नेगी, कुसुम असवाल, रूपन नेगी, मीना बछवाण, कृष्णा बहुगुणा, गुडू चौहान, राकेश मित्तल, लक्ष्मण सिंह रावत, मातबर सिंह, उपेंद्र सिंह नेगी, शंकेश्वर प्रसाद सेमवाल, विजय मेहरा, राजेंद्र बड़थ्वाल मौजूद थे।
-फोटो-