किशनपुर/कोटद्वार। भाबर के रामदयालपुर गांव में ग्रामीण लोक निर्माण विभाग की लापरवाही झेल रहे हैं। विभाग सड़क निर्माण कर चलता बना। भूतल से कहीं अधिक ऊंची सड़क का निर्माण करने और दोनों ओर निकासी नालियों का निर्माण न होने से बरसात में जहां खेत-खलिहानों को क्षति पहुंच रही है, वहीं घरों में पानी घुस रहा है।
रामदयालपुर (गूलरझाला) निवासी विशंबर सिंह रावत, रमेश नेगी, नंदन सिंह मेहरा, मदन सिंह मेहरा, बीरेंद्र प्रसाद केष्टवाल व विद्यादत्त केष्टवाल का कहना है कि गर्मियों के सीजन में लोक निर्माण विभाग ने किशनपुर से लेकर सिगड्डी तक सड़क का भरान कर डामरीकरण कर दिया। सड़क तो अच्छी बन गई, लेकिन लोगों के घर, खेत खलिहान सड़क से गहरे पड़ गए। लोनिवि के अधिकारियों ने भरोसा दिलाया था कि सड़क बनाने के बाद दोनों ओर बरसाती पानी की निकासी के लिए नालियों को निर्माण कराया जाएगा, लेकिन निकासी नाली न बनने से इस बरसात में पानी और मलबा उनके घरों में जा घुसा। ग्रामीणों ने चेेताया कि जल्द ही रामदयालपुर में निकासी नाली नहीं बनाई गई तो ग्रामीण सड़क पर उतरकर आंदोलन को मजबूर होंगे।
लोनिवि के सहायक अभियंता सुदेश बिंजोला ने कहा कि रामदयालपुर में सड़क के किनारे निकासी नाली बनाई जाएगी, जिससे जलभराव की समस्या से निजात मिल जाएगी।
-फोटो