नयार वैली एडवेंचर स्पोर्ट्स फेस्टिवल के तहत होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में देश के एडवेंचर खेलों के धुरंधर अपना जौहर दिखाएंगे। 19 से 22 नवंबर तक नयारघाटी के सतपुली-बिलखेत क्षेत्र में प्रस्तावित ‘नयार वैली एडवेंचर स्पोर्ट्स फेस्टिवल’ के लिए अभी तक पैराग्लाइडिंग के लिए 13 राज्यों के 70 प्रतिभागी, पैरामोटरिंग के लिए तीन, माउंटेन बाइकिंग के लिए 40 राइडर, टेल रनिंग के लिए 25 प्रतिभागी और एंग्लिंग के लिए 15 प्रतिभागी पंजीकरण करवा चुके हैं।
साहसिक खेल अधिकारी केएस नेगी ने बताया कि फेस्टिवल में राष्ट्रीय स्तर की पैराग्लाइडिंग, पैरामोटरिंग, माउंटेन बाइकिंग, एंगलिग और ट्रेल रनिंग, प्रतियोगिता होगी। इसके अलावा बिलखेत में हॉट एयर बैलून, टेंडम पैराग्लाइडिंग, हैंग ग्लाइडिंग का डेमोस्ट्रेशन होगा। बीएसएफ की टीम द्वारा क्याकिंग का भी डेमोस्टेशन दिया जाएगा। सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन की ओर से आयोजित फेस्टिवल की तैयारियां जोरों पर हैं। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले प्रतिभागियों के ठहरने आदि की व्यवस्थाएं सतपुली, लैंसडौन और पौड़ी समेत विभिन्न स्थानों पर की जा रही हैं।