कोटद्वार। गढ़वाल एक्सप्रेस के रद्द होने और नजीबाबाद कोटद्वार पैसेंजर दो घंटे लेट होने के कारण कोटद्वार डिपो पर दिल्ली जाने वाले यात्रियों का दबाव बढ़ गया। बस में सीट पाने को यात्रियों में मारामारी मची रही, वहीं कुछ यात्रियों को घंटों तक बस का इंतजार करना पड़ा। परिवहन निगम ने यात्रियों की भीड़ देखते हुए सोमवार को दिल्ली रूट पर 22 बसें चलाईं।
पर्वतीय क्षेत्र के यात्रियों को जब गढ़वाल एक्सप्रेस के रद्द होने और नजीबाबाद कोटद्वार पैसेंजर के लेट होने की सूचना मिली तो उन्होंने अपने गंतव्य के लिए कोटद्वार डिपो की बसों की ओर रुख कर लिया। इस कारण डिपो पर यात्रियों का दबाव बढ़ गया। कई यात्रियों को बस के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।
कोटद्वार डिपो के एआरएम टीकाराम आदित्य ने बताया कि सोमवार को दिल्ली रूट पर 22 बसें चलाई गईं। कोटद्वार रोडवेज डिपो पर बसों की कमी चल रही है, लेकिन यात्रियों की सुविधा के अनुसार बसों का संचालन किया जा रहा है।