कोटद्वार। मंगलवार रात को सनेह क्षेत्र के कुंभीचौड़ में हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने एक दीवार तोड़ी और खेत में लगी गेहूं की फसल चट कर दी। लोगों ने किसी प्रकार हल्ला कर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। हाथियों के आतंक से लोगों में भय व्याप्त है, उन्होंने वन विभाग से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
मंगवार रात दो बजे उस वक्त कुंभीचौड़ के लोगों की नींद खुल गई, जब लोगों ने हाथियों के चिंघाड़ने और दीवार तोड़ने की अवाज सुनी। हाथी कुंभीचौड़ निवासी शिवचरण सिंह पुंडीर की दीवार तोड़ते हुए उसके खेत में घुस गया और खेत में उगी गेहूं की फसल चट करना शुरू कर दिया। हाथी को आबादी में घुसता देेख लोग अपनी छत पर आ गए और उन्होंने पटाखे फोड़ते हुए हो हल्ला शुरू कर दिया। जिसके कारण हाथी कुछ देर बाद जंगल की ओर चला गया। इस दौरान हाथी ने करीब दो बीघा खेत चट कर रौंद दिया।
समाजसेवी मोहन सिंह रावत ने वन विभाग पर लोगों के जानमाल की सुरक्षा नहीं करने का आरोप लगाया। उधर, कोटद्वार रेंज अधिकारी आरपी पंत ने बताया कि हाथियों की रोकथाम के लिए क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी।
.