कोटद्वार। पूरे देश में जहां महिलाओं और बालिकाओं के साथ हो रही अप्रिय घटनाओं को लेकर सख्ती से निपटा जा रहा है, वहीं कोटद्वार के एक ऑटो चालक को रात के अंधेरे में सुनसान सड़क पर बारिश में भीग रही एक अकेली 12 साल की बच्ची की मदद करना महंगा पड़ गया। दूसरे रूट के ऑटो चालकों ने उसकी पिटाई कर दी। पिटने वाले ऑटो चालक ने कोतवाली में मामले की तहरीर देकर पिटाई करने वाले के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
बृहस्पतिवार को झंडीचौड़ पूर्वी निवासी झंडीचौड़ निवासी ऑटो चालक धर्मेश थापा अपने साथी ऑटो चालकों के साथ कोतवाली पहुंचा। उसने बताया कि बुधवार रात को करीब आठ बजे बारिश लगी हुई थी। वह अपने रूट झंडीचौड़ की सवारियों को लेकर जा रहा था। तभी देवी रोड तड़ियाल चौक पर सुनसान सड़क पर बारिश में भीग रही करीब 12 वर्ष की बच्ची ने उसे रुकने के लिए हाथ दिया। उसने उसको अंधेरे में अकेला भीगता देख मदद करने के उद्देश्य से अन्य सवारियों के साथ अपने ऑटो में बैठा लिया। वह बच्ची दुर्गापुर के उमराव नगर में किराया देते हुए उतर गई। इस बीच मोटाढांक रूट के ऑटो चालक ने उसे सवारी उतारते हुए देख लिया। उस समय उसने कुछ नहीं कहा, लेकिन बृहस्पतिवार को सुबह जैसे ही वह मोटर नगर स्थित ऑटो स्टैंड पर पहुंचा। रूट नंबर पांच के ऑटो चालकों और मुंशी ने उसके साथ गाली गलौच और मारपीट शुरू कर दी।
उधर, एसआई सूरत शर्मा ने बताया कि ऑटो चालकों के मारपीट का मामला आया है, इसकी जांच की जा रही है।
-फोटो