कोटद्वार। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार की बेरुखी के चलते राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों में आयोजित एनएसएस शिविर उधारी में चल रहे हैं। सरकार द्वारा पिछले दो वर्षों से एनएसएस कैंपों के लिए बजट आवंटित नहीं किया हैै। इससे एनएसएस से जुड़े गढ़वाल मंडल के करीब 22 हजार स्वयंसेवियों को अपने भविष्य की चिंता सताने लगी है।
केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत युवाओं में सामाजिक जागृति और राष्ट्र निर्माण के लिए गढ़वाल मंडल के 320 विद्यालयों में राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रमों के संचालन होता है। इसमें युवाओं को बेहतर नागरिक बनाने के लिए उनका सामाजिक, मानसिक और शारीरिक विकास किया जाता है। इसके लिए एनएसएस कैंप और अन्य गतिविधियों के लिए खेल मंत्रालय युवा कार्यक्रम के तहत बजट की व्यवस्था करता है, लेकिन, केंद्र सरकार की फंडिंग पैटर्न में बदलाव के कारण गढ़वाल मंडल के एनएसएस से जुड़े विद्यालयों को वित्तीय वर्ष 2016-17 और 2017-18 का बजट नहीं मिला है। वर्तमान में आलम यह है पिछले दो वर्षों से एनएसएस कैंप उधारी में चल रहे हैं।
राष्ट्रीय सेवा योजना के मंडलीय कार्यक्रम समन्वयक पुष्कर सिंह नेगी ने माना कि पिछले दो वर्षों से एनएसएस कैंप के लिए युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय से बजट नहीं आया है। उन्होंने कहा कि एनएसएस के 48 वर्षों के इतिहास में पहला मौका है, जब इसके लिए बजट नहीं आया है। इसके लिए केंद्र सरकार को लिखा गया है।