किशनपुर (कोटद्वार)। भाबर के राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार भाबर में नववर्ष के अवसर पर ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान को प्रोत्साहित करने के लिए एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य राजीव रतन की कविता ‘कुलगीत’ का विमोचन किया गया।
गोष्ठी का शुभारंभ प्राचार्य डा. राजीव रतन ने दीप प्रज्जवलित कर किया। उन्होंने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के लिए आगे आने का आह्वान कर कहा कि आज के समय में हमारी बेटियों ने विभिन्न क्षेत्रों में अतुलनीय उपलब्धियां प्राप्त की हैं। उन्होंने ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ को प्रोत्साहित करने के लिए अपने वेतन से प्रत्येक वर्ष कला, वाणिज्य, विज्ञान और गणित संकायों की 12 मेरिटधारी छात्राओं की कालेज फीस खुद वहन करने की घोषणा की। कहा कि वह जहां भी तैनात रहेंगे, इसे जारी रखेंगे। कहा कि समाज में बेटियों से ही संस्कार और संस्कृति पोषित होती है। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने स्वरबद्ध कर ‘कुलगीत’ की प्रस्तुति दी। गोष्ठी में डा. शालिनी शुक्ला, डा. अरविंद सिंह, डा. भोलानाथ, डा. इंदु मलिक, डा. गीता रावत शाह, डा. संदीप कुमार, डा. केजी जैन, डा. कपिल, डा. विनय देवलाल, राजेश डबराल उपस्थित रहे।