कोटद्वार। वकील सुशील रघुवंशी के हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोटद्वार तहसील परिसर में चल रहा धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को 89वें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेेश पर गठित एसआईटी को भी जांच करते हुए एक महीना बीत गया, लेकिन हत्यारे अभी तक पुलिस गिरफ्त में नहीं आ सके हैं।
उत्तराखंड विकास पार्टी के अध्यक्ष मुजीब नैथानी, राजीव गौड़, आशीष किमोठी ने कहा कि पौड़ी पुलिस, सीआईयू और एसटीएफ एक साल और दो महीने बाद भी सुशील रघुवंशी हत्याकांड का पता नहीं कर सकी है। नामजद रिपोर्ट होने के बावजूद पुलिस किसी पर भी हाथ डालने से कतरा रही है। एक सुनियोजित तरीके से हत्याकांड को अंजाम दिया गया, कई दौर की जांच के बाद भी पुलिस शूटरों तक नहीं पहुंच पाई है। परिजनों की मांग पर नैनीताल हाईकोर्ट ने हत्याकांड की जांच के लिए एसआईटी बनाई है, लेकिन एसआईटी भी एक महीने की जांच के बाद शूटरों तक नहीं पहुंच सकी है। धरना देने वालों में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन सिंह पंवार, पूर्व अध्यक्ष ध्यान सिंह नेगी और भानुप्रकाश बलोधी, विश्वजीत बड़थ्वाल, फतेह सिंह बिष्ट, हुकुम सिंह आदि शामिल रहे।