कोटद्वार। रियल स्टेट कंपनी पीएसीएल द्वारा निवेशकों का पैसा नहीं लौटाने से आक्रोशित अभिकर्ता और निवेशकों ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने अपने पैसे वापस दिलाने की मांग को लेकर शुक्रवार को अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। निवेशकों ने पैसा वापस मिलने तक धरना प्रदर्शन जारी रखने और आने वाले चुनाव में सरकार के खिलाफ मतदान करने की चेतावनी दी।
शुक्रवार को पीएसीएल अभिकर्ता और निवेशक संघर्ष समिति के बैनर तले कोटद्वार-भाबर के लोग तहसील में एकत्र हुए। उन्होंने कंपनी के खिलाफ नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने तहसील परिसर में धरना शुरू कर दिया है। इस अवसर पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने कंपनी पर उनके साथ धोखा करने और केंद्र सरकार पर उनकी रकम नहीं दिलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में सुप्रीम कोर्ट ने आरएम लोढ़ा की अध्यक्षता में कमेटी का गठन कर केंद्र सरकार को कंपनी की जमा संपत्तियों को बेचने का अधिकार देकर छह माह के भीतर निवेशकों का पैसा लौटाने के आदेश दिए थे, लेकिन चार वर्ष बाद भी केंद्र सरकार ने निवेशकों को उनका पैसा वापस नहीं लौटाया। लोगों ने चेताया कि यदि अविलंब अभिकर्ता और निवेशकों का पैसा नहीं लौटाया गया तो समिति जागरूकता अभियान चलाकर आगामी चुनाव में सरकार के खिलाफ मतदान करने के लिए विवश होगी।
इस अवसर पर सुखदेव शास्त्री, गजे सिंह रावत, इंदू देवी, रीना आर्य, अंचला रावत, अनीता, बनीसा देवी, सत्यवती देवी, मालती रावत, नीमा भंडारी, विजयलक्ष्मी, बलवीर सिंह बिष्ट, लक्ष्मी बिष्ट आदि मौजूद थे।
.
फोटो समाचार
जारी-