किशनपुर (कोटद्वार)। भाबर के एवीएन एकेडमी हल्दूखाता की ओर से आयोजित अंडर 14 एवीएन गोल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला एवीएन ब्लू ने 180 रन से जीतकर चैंपियनशिप ट्राफी अपने नाम की। मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 87 रन बनाने और गेंदबाजी कर छह विकेट लेने पर अनुराग रावत को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
शनिवार को आयोजित फाइनल मुकाबले का शुुुभारंभ एकेडमी के संचालक रजनीश शर्मा ने किया। एवीएन रेड ने टॉस जीतकर एवीएन ब्लू को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एवीएन ब्लू ने निर्धारित 40 ओवरों में 259 रन बनाए, जिसमें कप्तान अनुराग रावत ने 87 और आतिश ने 63 रनों का योगदान दिया। एवीएन रेड की ओर से अंकुश बिष्ट ने चार विकेट लिए। विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी वीएन रेड के बल्लेबाज विपक्षी टीम की घातक गेंदबाजी के आगे ही लड़खड़ा गए और मात्र 79 रन पर ही ऑल आउट हो गए। एवीएन ब्लू की ओर से अनुराग ने छह और अभय ने चार विकेट झटके। इस तरह एवीएन ब्लू ने 180 रनों से मैच जीतकर टूर्नामेंट अपने नाम कर लिया। टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने के लिए अनुराग रावत को मैन ऑफ द मैच और सीरीज के खिताब से नवाजा गया। वहीं बेस्ट बॉलर अभय रावत, बेस्ट कीपर सुधांशु और बेस्ट फिलडर रमन भारद्वाज को चुना गया। मैच में अंपायर की भूमिका पीबी क्षेत्री और सुनील बिष्ट ने निभाई। पुरस्कार वितरण एवीएन स्कूल की संचालिका अनुराधा शर्मा ने किया। इस अवसर पर संदीप कुमार, सर्वेश्वर बड़थ्वाल, संजय बिष्ट, राकेश ध्यानी, दीपा रावत, शशि रावत, प्रभा देवी, रेनू देवी मौजूद रहे।