कोटद्वार। कोतवाली पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने सिद्धबली चेक पोस्ट पर तलाशी के दौरान एक वाहन से 51 किलो गांजा बरामद किया। पुलिस ने मामले में दो महिला समेत चार नशा तस्करों को पकड़कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही वाहन सीज किया है। वहीं, पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर चारों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में पौड़ी जेल भेज दिया गया है।
मुख्यमंत्री के ड्रग फ्री देवभूमि 2025 के संकल्प को मूर्तरूप देने के लिए पुलिस प्रशासन जुटा है। एसएसपी पौड़ी लोकेश्वर सिंह ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। कोतवाल रमेश तनवार ने बताया कि उनके नेतृत्व में पुलिस एवं सीआईयू की संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में विशेष अभियान के अंतर्गत वाहन चेकिंग एवं गश्त की जा रही है।
पुलिस टीम ने शुक्रवार को सिद्धबली चेक पोस्ट पर संदेह के आधार पर एक वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में 51 किग्रा गांजा बरामद हुआ। वाहन को कब्जे में लेकर वाहन में सवार ग्राम गढ़ी सलेमपुर, थाना कांठ, जिला मुरादाबाद यूपी निवासी इमरान, ग्राम हकीकतपुर गंगवाली, थाना नगीना, जिला बिजनौर, यूपी निवासी नवाब अली एवं शहनाज और ग्राम सदाफल, थाना स्योहारा, जिला बिजनौर, यूपी निवासी फातमा खातून को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।