दुगड्डा। अब पौड़ी जिले के पांच ब्लाक की गर्भवती महिलाओं को डिलीवरी के लिए कोटद्वार के बेस अस्पताल और प्राइवेट क्लीनिकों के चक्कर नहीं काटने पड़ेेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दुगड्डा में गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव की सुविधा उपलब्ध करा दी है। इसके लिए महिला डाक्टर से लेकर एंबुलेंस और अन्य सुविधाएं जुुटा ली गई हैं।
पौड़ी जिले के दुगड्डा ब्लाक, यमकेश्वर, द्वारीखाल, रिखणीखाल और जयहरीखाल ब्लॉक के स्वास्थ्य केंद्रों में डिलीवरी की सुविधाएं नहीं होने के कारण गर्भवती महिलाओं को कोटद्वार बेस अस्पताल और प्राइवेट क्लीनिकों में जाना पड़ता था। 108 एंबुलेंस के कोटद्वार में खड़ा होने के कारण महिलाओं को इसका समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा था। दुगड्डा ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की नियुक्ति होने से महिलाओं को डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध होने लगी है।
पीएचसी दुगड्डा के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. एसके बड़थ्वाल ने बताया कि पूर्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती नहीं होने से डिलीवरी की सुविधा का अभाव था। वर्तमान में डा. नाजीम और डा. नेहा की तैनाती से सुरक्षित और सफल प्रसव कराए जा रहे हैं। नई एंबुलेंस भी पीएचसी को उपलब्ध हो गई है। जिससे समय पर मरीज को चिकित्सालय में पहुंचाया जा रहा है।