बैजरो। पूर्वी नयार नदी में बहने से शुक्रवार को लापता छात्रा नेहा का शव राजस्व विभाग, पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने रविवार को बरामद कर लिया। रविवार सुबह नेहा का शव घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर मुख्य झूलापुल के पास पानी के भीतर रेत में फंसा हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
गत आठ फरवरी को बीरोंखाल ब्लाक के ग्राम बापता निवासी छात्रा अमीषा व नेहा विद्यालय जाते समय बल्लियों के सहारे पूर्वी नयार नदी पार कर स्कूल जा रही थीं। इस दौरान पैर फिसलने से दोनों छात्राएं नदी के तेज बहाव में बह गईं। छात्रा अमीषा का शव राजस्व विभाग, पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू कर उसी दिन घटनास्थल से कुछ दूरी पर बरामद कर लिया था, लेकिन छात्रा नेहा का शव बरामद नहीं हो पाया। इसके लिए पुलिस, राजस्व पुलिस, राज्य आपदा प्रबंधन की टीम व गोताखोर दो दिन से पूर्वी नयार नदी की खाक छान रहे थे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। रविवार सुबह साढ़े सात बजे उप निरीक्षक मनोज गैरोला के नेतृत्व में थाना थलीसैंण की टीम ने एक बार फिर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रविवार को नदी का जलस्तर काफी घट गया था, जिससे जांच दल को घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर रेत में दबी छात्रा के पैर पानी में दिखे। टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा तो वहां लाश बरामद हुई। पुलिस ने गांव वालों और परिजनों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बैजरो में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया।