कोटद्वार। एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति ठप होने और वर्षों से पेयजल किल्लत से जूझ रही देवी रोड डबराल कालोनी की महिलाओं का आखिर सब्र का बांध टूट गया। आक्रोशित महिलाओं ने जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। उन्होंने शीघ्र कालोनी की पेयजल समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
बुधवार को डबराल कालोनी की महिलाएं नजीबाबाद रोड स्थित जलसंस्थान कार्यालय पहुंची। उन्होंने जलसंस्थान के खिलाफ जमकर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। इस अवसर पर महिलाओं ने कहा कि वे विभाग की लापरवाही के चलते कालोनी के लोग वर्षों से पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं। वर्षों से कालोनी में अनियमित पेयजल आपूर्ति की जा रही है। उन्हें अपने अन्य कार्यों को छोड़कर पानी की प्रतिक्षा करनी पड़ती है। वर्तमान में एक सप्ताह से कालोनी में पेयजल आपूर्ति ठप है। इस अवसर पर अनामिका रावत, मीनाक्षी कंडवाल, शकुंतला कंडवाल, नीलम चौहान, कमला बिष्ट, प्रतिभा रावत, विजया रावत, यशोदा घिल्डियाल, रजनी नेगी, सरिता रावत आदि मौजूद थे।