लैंसडौन । अब पर्यटकों और गढ़वाल राइफल्स के सैनिकों को लैंसडौन जाने के लिए तंग मोटर मार्ग की परेशानी नहीं झेलनी होगी। राज्य योजना के अंतर्गत फतेहपुर-लैंसडौन-गुमखाल मोटर मार्ग 1.50 लेन मार्ग में जल्द तब्दील होगा। शासनादेश के तहत फतेहपुर से लैंसडौन और लैंसडौन से गुमखाल मार्गों को डेढ़ लेन में परिवर्तित किए जाने के लिए निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाना है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग लैंसडौन ने 37 करोड़ का प्रस्ताव शासन को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति के लिए भेजा है।
पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार ने बताया कि फतेहपुर से लैंसडौन और लैंसडौन से गुमखाल मार्ग सैन्य छावनी होने के कारण सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। पर्यटकीय आवाजाही बढ़ने और इस मार्ग पर अधिक यातायात होने के कारण दो वाहनों के क्रास करने पर एक ओर के वाहनों को कच्ची पटरी पर वाहन उतारकर क्रास करना पड़ता है। जिस कारण विगत वर्षों में काफी दुर्घटनाएं होती रही है। आगणन में उक्त दोनों मार्गों को नियमानुसार डेढ़ लेन में परिर्वतन किए जाने के प्रावधान किए गए हैं। अभी तक मार्ग डामरीकरण वाले भाग की चौड़ाई 3.75 मीटर है। डेढ़ लाइन में मार्ग के डामरीकरण वाले भाग की चौड़ाई 5.50 मीटर हो जाएगी। अतिरिक्त पहाड़ का कटान का कार्य मार्ग की चौड़ाई 9 मीटर तक किए जाने का प्रावधान है। फतेहपुर से लैंसडौन तक 23 किमी और लैंसडौन से गूमखाल तक 9 किमी. कुल 32 किमी. दूरी तक मार्ग डेढ़ लेन में परिवर्तित होनी है।