कोटद्वार। नगर निगम क्षेत्र के शिब्बूनगर, पदमपुर और मानपुर क्षेत्र में पर्याप्त पेयजल आपूर्ति नहीं होने से लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने समस्या के समाधान के लिए एसडीएम केे ज्ञापन सौंपा। उन्होंने क्षेत्र में बढ़ रही पेयजल किल्लत से निजात दिलाने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर जलसंस्थान कार्यालय में धरना देने की चेतावनी दी है।
एसडीएम को प्रेषित ज्ञापन में शिब्बूनगर निवासी गणेश सिंह रावत, पदमपुर निवासी शोभा रावत, मानपुर निवासी दीपक शर्मा व रंजना बिष्ट ने जलसंस्थान पर उन्हें पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह से क्षेत्र में विभाग द्वारा मात्र आधा घंटे पेयजल आपूर्ति की जा रही है। इसके कारण लोग अपनी पानी की टंकियां नहीं भर पा रहे हैं। पीने लायक पानी मिलने के कारण कपड़ा धोने और नहाने जैसे अन्य कार्य बाधित हो रहे हैं। उन्होंने एसडीएम से समस्या का समाधान के लिए जलसंस्थान के अधिकारियों को निर्देशित करने की मांग की है।