फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरकारी जमीन पर कब्जा करने को लगी होड़, प्रशासन ने खदेड़ा

विज्ञापन
विज्ञापन
कोटद्वार। शनिवार को नगर निगम के काशीरामपुर तल्ला वार्ड नंबर छह में सरकारी जमीन कब्जाने के लिए लगी होड़ ने प्रशासन के होश उड़ा दिए। सैकड़ों लोगों ने एक साथ खोह नदी के किनारे बंजर पड़ी सरकारी जमीन कब्जाने की नियत से उस पर प्लास्टिक और कपड़े की रस्सी बांधकर घेराबंदी शुरू कर दी, जिसका स्थानीय लोगों ने विरोध करते हुए पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर दो झुग्गियों को हटा दिया। अन्य लोगों को मौके से खदेड़ दिया। दो पुराने कब्जेधारियों को 24 घंटे के भीतर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई है। अतिक्रमणकारियों को बिजली के कनेक्शन मिलने पर प्रशासन ने ऊर्जा निगम से रिपोर्ट तलब की है।
विज्ञापन

शनिवार को करीब 12 बजे बड़ी संख्या में लकड़ीपड़ाव, झूला बस्ती और स्टेडियम कालोनी के लोग अपने हाथों में प्लास्टिक की रस्सी और कपड़े लेकर काशीरामपुर तल्ला खोह नदी के तट पर पहुंच गए। देखते ही देखते उन्होंने सरकारी जमीन पर घेराबंदी कर दी। किसी ने आधा बीघा तो किसी ने एक बीघा जमीन पर खंभे गाड़कर रस्सी बांध दी। जमीन कब्जाने की सूचना लगते ही आसपास की बस्तियों के लोगों में भी जमीन घेरने के लिए आपाधापी मच गई। जो जहां तक कब्जा कर सका, उसने वहां तक घेरबाड़ के साथ ही झुग्गी झोपड़ी बांधनी शुरू कर दी। स्थानीय लोगों की अतिक्रमणकारियों के साथ तीखी झड़प हुई। सूचना मिलते ही एसडीएम कमलेश मेहता के निर्देश पर मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार डबल सिंह रावत, कानूनगो कैलाश बिडालिया और पुलिस टीम ने अतिक्रमणकारियों को खदेड़ा। इस दौरान अतिक्रमणकारी इस जमीन से सटी 14 बीघा जमीन को भी अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग करने लगे। प्रशासन ने उन्हें सभी प्रकार की सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने का भरोसा दिया।
क्षेत्र के नवनिर्वाचित पार्षद सूरज प्रसाद कांति ने कहा कि पूर्व की 14 बीघा सरकारी जमीन से अतिक्रमण न हटने से क्षुब्ध लोगों ने उससे सटी जमीन पर कब्जे का प्रयास किया है। प्रशासन को पूरी सरकारी जमीन अतिक्रमणमुक्त कर वहां पर केंद्रीय विद्यालय व खेल का मैदान और पार्क बनवाना चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन


-फोटो
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें