बैजरो। पंजाब नेशनल बैंक की कार्यप्रणाली पोखड़ा और एकेश्वर ब्लॉाक के सैकड़ों बैंक उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। बैंक ने दोनों ब्लॉकों में लगी चार एटीएम मशीनों को हटा दिया हैै। इसके कारण सैकड़ों लोग बैंक बंद होने पर पिछले दो माह से पैसा नहीं निकाल पा रहे हैं। उन्हें एटीएम का उपयोग करने के लिए पौड़ी और सतपुली का चक्कर काटकर परेशान होना पड़ रहा है।
अक्तूबर में पोखड़ा और एकेश्वर में स्थापित पीएनबी की शाखा में लगे एटीएम को बैंक ने वहां से हटा दिया। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। सामाजिक कार्यकर्ता पुष्कर जोशी ने बैंक प्रबंधन पर उपभोक्ताओं को परेशान करने का आरोप लगाया। कहा कि पोखड़ा और एकेश्वर विकासखंड के अंतर्गत पीएनबी बैंक के चार एटीएम लगे थे लेकिन, नोगांवखाल, किरखू, सेड़ियाखाल और पोखड़ा में लगी एटीएम मशीनें हटा दी गई है, जिससे आठ हजार से अधिक एटीएम उपभोक्ता परेशान हैं। अब लोगों को पैसे निकालने के लिए सतपुली, लैंसडौन और पौड़ी के चक्कर लगाने पड़ेंग। उधर, पीएनबी पोखड़ा के शाखा प्रबंधक सुशील बुड़ाकोटी ने बताया कि उच्चाधिकरियों के निर्देश पर ये मशीनें हटाई गई हैं।