बैजरो। विकासखंड बीरोंखाल के अंतर्गत भरपूर-भोराड-भाखंड, लगंचोरी, अरकंडाई-पंचपुरी मोटर मार्ग का निर्माण कार्य पूरा न होने से सेंधार घाटी के 40 गांवों के लोगों को इस सड़क का लाभ नहीं मिल रहा है। पांच किमी सड़क निर्माण का क्षेत्रीय ग्रामीण छह साल से इंतजार कर रहे हैं।
भरपूर से पंचपुरी तक की दूरी 14 किलोमीटर है। इन गांवों को सड़क से जोड़ने के लिए ग्राम मासी तक नौ किलोमीटर सड़क छह साल पहले बन चुकी थी, किंतु पंचपुरी तक मिलान के लिए बाकी पांच किलोमीटर सड़क निर्माण का ग्रामीण अब तक इंतजार कर रहे हैं। सड़क निर्माण न होने से सेंधार घाटी की 40 से अधिक गांवों के लोगों को ब्लाक मुख्यालय बीरोंखाल, तहसील मुख्यालय थलीसैंण और जिला मुख्यालय पौड़ी जाने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, जिसमें ग्रामीणों को अतिरिक्त किराया और समय व्यय करना पड़ रहा है।
ग्रामीण रविंद्र बिष्ट, महिपाल सिंह रावत, माही सिंह, सुमन देवी व श्यामा देवी का कहना है कि उनके गांव की सरहद तक सड़क छह साल पहले बन गई थी, किंतु उसके बाद से सड़क का निर्माण बंद पड़ा है। इस आधी-अधूरी सड़क निर्माण से क्षेत्रवासियों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। सड़क के पंचपुरी तक जुड़ने से 40 गांवों के ग्रामीण लाभान्वित होंगे। लोनिवि बैजरो के सहायक अभियंता लोकेश कुमार सारस्वत का कहना है कि सड़क निर्माण संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। शासन से वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।