कोटद्वार। भाजपा के नगर कार्यालय में हुई बैठक में कोटद्वार से कार्बेट नेशनल पार्क के दो द्वारों को एनटीसीए की मंजूरी मिलने पर केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. हर्षवर्धन का आभार जताया गया। कहा कि कोटद्वार से कार्बेट के द्वार खुलने से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। कहा कि मैदावन के साथ ही पाखरो गेट खुलने से कोटद्वार भी कार्बेट के पर्यटन मानचित्र में अंकित हो जाएगा।
वरिष्ठ भाजपा नेता कुलदीप अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्बेट नेशनल पार्क के दो द्वारों को कोटद्वार से खोलने के लिए प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. हरक सिंह रावत के प्रयासों की सराहना की गई। कहा गया कि जो काम राज्य गठन के इन 17 साल में नहीं हो सके, वे राज्य में भाजपा सरकार के आते ही परवान चढ़ने लगे हैं। कहा कि प्रदेश और केंद्र में एक ही पार्टी की सरकार होने का लाभ राज्यवासियों को मिलने लगा है। कहा कि 27 नवंबर को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत कोटद्वार पहुंचकर कार्बेट के मैदावन और पाखरो गेट के शुभारंभ के साथ ही चिलरखाल-लालढांग मार्ग का भी शिलान्यास करेंगे।
बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण भट्ट, मनोज लखेड़ा, अनिल बहुगुणा, रामकुमार अग्रवाल, दीपक ध्यानी, कुलदीप रावत, इंद्रमोहन जुयाल, सुलोचना चौहान, अनिता उपाध्याय, पुष्पा देवी, गोदा रावत, निर्मला नैथानी, चंद्रकिशोर असवाल, जगमोहन चौधरी व संजय कालरा आदि मौजूद थे। बैठक का संचालन भाबर मंडल मंत्री सुरमान सिंह रावत ने किया।