धुमाकोट। थानसिंह रावत राजकीय डिग्री कॉलेज नैनीडांडा पटोटिया के गेस्ट फैकल्टी में कार्यरत संविदा शिक्षकों ने शनिवार से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। उन्होंने प्राचार्य के माध्यम से उच्च शिक्षा मंत्री डा. धनसिंह रावत को ज्ञापन भेजकर संविदा पर कार्यरत शिक्षकों के पदों को आयोग की परिधि से अलग करने की मांग की।
शनिवार को शासन द्वारा गेस्ट फैकल्टी में कार्यरत शिक्षकों के पदों पर आयोग द्वारा नियुक्ति करने की प्रक्रिया शुरू करने से नाराज संविदा शिक्षक कार्य बहिष्कार पर चले गए। संविदा शिक्षकों ने सरकार पर उनकी अनदेखी का आरोप लगाया। कहा कि शासन द्वारा संविदा शिक्षकों के पदों को आयोग के जरिए भरे जाने से वे बेरोजगार हो जाएंगे और उनका भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। उन्होंने मांग पूरी नहीं होने तक कार्य बहिष्कार जारी रखने की चेतावनी दी। ज्ञापन भेजने वालों में संविदा शिक्षक डा. ब्रह्मानंद, डा. मोहन कुकरेती, डा. मनोज कुमार नैनवाल, डा. सीमा नेगी, अनुराधा, पवन कुमार, गणेशचंद, संत कुमार और खुशवंत शामिल रहे।