कोटद्वार में जल्द मिलेगी सिटी स्कैन की सुविधा
सरकारी अस्पताल में एक और रेडियोलॉजिस्ट तैनात
अमर उजाला ब्यूरो
कोटद्वार। राजकीय संयुक्त चिकित्सालय कोटद्वार में एमआरआई, सिटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड की सुविधाएं एक साथ मिल सकेंगी। इसके लिए विभाग ने एक और रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती कर दी है। एक दो दिन में कुछ और डाक्टरों की भी तैनाती हो जाएगी।
राजकीय संयुक्त चिकित्सालय कोटद्वार में एक वर्ष पूर्व जून में करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से एमआरआई और सिटी स्कैन मशीन लगाई गई थी, लेकिन अस्पताल में तैनात एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट के पास अल्ट्रासाउंड का भार अधिक होने के कारण मशीनों का संचालन नहीं हो पा रहा था। इसके कारण लोगों को प्राइवेट अस्पतालों में महंगे दाम पर सिटी स्कैन और एमआरआई कराने को मजबूर होना पड़ रहा था। अमर उजाला ने अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं को अभियान के रूप में प्रकाशित करना शुरू किया। इसका नतीजा यह रहा कि अब जाकर स्वास्थ्य महकमा हरकत में आ गया। स्वास्थ्य विभाग ने कोटद्वार अस्पताल को एक और रेडियोलॉजिस्ट दे दिया है। वन मंत्री के निजी सचिव विनोद रावत ने बताया कि अस्पताल में एक वरिष्ठ फिजीशियन की भी जल्द तैनाती हो जाएगी।
अस्पताल के सीएमएस डा. आईएस सामंत ने बताया कि कोटद्वार अस्पताल में पहले से तैनात रेडियोलॉजिस्ट डा. जयहिंद को सिटी स्कैन की ट्रेनिंग के लिए भेजा गया है। अस्पताल में एक और रेडियोलॉजिस्ट डा. पंकज नेगी की तैनाती हो गई है। इनको एमआरआई की ट्रेनिंग के लिए भेजा जाएगा। उसके बाद अस्पताल में लोगों को सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
-फोटो