विक्टोरिया क्रॉस गबर सिंह कैंप में आयोजित भर्ती रैली के सातवें दिन चमोली और पौड़ी जिले के युवकों ने भर्ती में दमखम दिखाया। भर्ती के लिए 332 युवकों के अनुपस्थित होने के कारण 3014 युवा भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुए, जिनमें से 555 युवाओं ने सेना के मानकों के अनुसार तय समय में दौड़ पूरी कर भर्ती की पहली बाधा पार की।
शनिवार को सेना भर्ती अधिकारी कर्नल विनीत बाजपेयी के मार्गदर्शन में चमोली जिले की पोखरी तहसील और पौड़ी जिले की जाखनीखाल, पौड़ी, बीरोंखाल तहसील क्षेत्र के युवाओं की भर्ती आयोजित की गई। सुबह पांच बजे काशीरामपुर तल्ला में भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई। युवाओं को सामाजिक दूरी के साथ लाइन पर लगाकर एक-एक कर गबर सिंह कैंप में इंट्री दी गई। प्रारंभिक लंबाई नाप, प्रवेश पत्रों की बार कोड की जांच, कोविड जांच के बाद युवकों को कैंप के बलवीर सिंह स्टेडियम में बनाए गए 400 मीटर दौड़ के ट्रैक पर लाया गया, जहां पर भर्ती अधिकारियों ने 200 के समूह में युवाओं की दौड़ कराई। इसके बाद दौड़ में पास हुए युवकों का शारीरिक परीक्षण के तहत बीम खिंचवाए गए, उनकी छाती का नाप और मेडिकल जांच की गई।
.
आज पौड़ी जिले की इन तहसीलों के युवाओं की होगी भर्ती
27 दिसंबर (रविवार) को पौड़ी जिले की लैंसडौन, सतपुली और श्रीनगर तहसील क्षेत्र के युवाओं की भर्ती आयोजित की जाएगी।