कोटद्वार। गत अप्रैल में रिखणीखाल ब्लॉक के छड़ियाणी गांव के बंद घर में हुई लाखों की चोरी के मामले में पीड़ित ने इस मामले की जांच रेगुलर पुलिस से कराने की मांग की है। पीड़ित परिवार ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।
पैनो पट्टी के छड़ियाणी गांव निवासी पूर्व शिक्षक केशर सिंह रावत ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि गत 17 अप्रैल को उनका पूरा परिवार दिल्ली शादी में गया था। 25 अप्रैल को जब उनका परिवार गांव लौटा तो घर के सभी कमरों और अलमारी के ताले टूटे मिले। चोरों ने घर से लाखों की नकदी और जेवर चुराए थे। चोरी की रिपोर्ट पैनो पटवारी सर्किल में दर्ज कराई गई थी। रिखणीखाल के कानूनगो के नेतृत्व में राजस्व पुलिस ने इस मामले की छानबीन भी की। केशर सिंह रावत ने कहा कि चोरी की घटना को एक माह होने वाला है, लेकिन राजस्व पुलिस अभी तक चोरी का खुलासा नहीं कर पाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को ज्ञापन भेजकर छड़ियाणी गांव की चोरी के मामले की जांच रेगुलर पुलिस से कराने की मांग की है।