पौड़ी। जिला मुख्यालय पौड़ी के मुख्य डाकघर में डाक सेवकों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। अखिल भारतीय डाक सेवक संघ ने दस सूत्री मांगों के समाधान की गुहार लगाई है। केंद्रीय कार्यकारिणी के आह्वान पर अकेले पौड़ी जिले से करीब 900 से अधिक ग्रामीण डाक सेवक इस हड़ताल में शामिल है। संघ ने डाक अधीक्षक के माध्यम से संचार मंत्री को ज्ञापन भी भेजा।
मंगलवार को प्रधान डाकघर पौड़ी के बाहर डाक सेवकों ने धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। संघ के अध्यक्ष जीवन प्रकाश चमोली व सचिव विजय सिंह राणा ने कहा कि ग्रामीण डाक सेवक लंबे समय से जीडीएस कमेटी की रिपोर्ट को 1 जनवरी 2016 से लागू किए जाने, ग्रेच्युटी की सीमा डेढ़ लाख से पांच लाख किए जाने, ईएसआई व ईपीएफ योजना लागू करने, जीडीएस को निर्धारित सेवा पर वार्षिक वेतन वृद्धि देने, शाखा डाकपाल के कंपोजिट भत्ते में 500 से 1600 से करने और एकल डाक कर्मी वाले डाकघरों में कार्मिकों की तैनाती बढ़ाई जाने सहित दस मांगों के समाधान की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय कार्यकारिणी के आह्वान पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया है। इस अवसर पर संघ के कोषाध्यक्ष नंद किशोर डोभाल, नरेंद्र बिष्ट, केडी डोभाल, दुर्गेश जुगरान, अनिता बिष्ट, रूचि, कुशला देवी, नरेंद्र सिंह, विजय नैथानी, धनवीर सिंह,देंवेंद्र चंदोला आदि मौजूद थे।