कोटद्वार। नगर निगम कोटद्वार के वार्ड-9 काशीरामपुर मल्ला के पार्षद प्रवेंद्र सिंह रावत ने पनियाली गदेरे में बाढ़ सुरक्षा दीवार बनाने सहित कई समस्याओं के निस्तारण की मांग उठाई। उन्होंने इस संबंध में मेयर हेमलता नेगी को ज्ञापन सौंपा।
पार्षद प्रवेंद्र सिंह रावत ने ज्ञापन में कहा कि पनियाली गदेरे में प्रत्येक वर्ष बाढ़ आने से गदेरे के आसपास बसे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पनियाली गदेरे में निर्मित सुरक्षा दीवारें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं और लगातार भू-कटाव जारी है, जिस कारण पनियाली गदेरे का पानी व मलबा कॉलोनियों में लोगों के घरों में घुस जाता है। उन्होंने बताया कि सूर्यनगर, शिवालिक नगर, प्रताप नगर, देवीनगर, शिवानगर आदि को भी बाढ़ का खतरा बना रहता है। बाढ़ के कारण आई आपदा से कृषि भूमि बर्बाद हो गई है। उन्होंने गदेरे में बाढ़ सुरक्षा दीवार बनाने की मांग की।