कोटद्वार। मानव प्रकृति पशु एवं गौ सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने गोखले मार्ग से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर तहसील मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान समिति के तीन सदस्य दीपक बजरंगी, राजकुमार गुप्ता, विभु रस्तोगी क्रमिक अनशन पर बैठे। उन्होंने इस संबंध में उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
सोमवार को समिति के अध्यक्ष दीपक बजरंगी के नेतृत्व में सभी कार्यकर्ता कोटद्वार तहसील में एकत्रित हुए और प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा कि कोटद्वार का गोखले मार्ग अति व्यस्ततम है, जिस कारण यहां से लोगों की आवाजाही भी अधिक होती है। मार्ग पर हो रहे अतिक्रमण से आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापारियों की शह पर इस मार्ग पर फल सब्जियां वाले ठेली और फड़ लगाकर अतिक्रमण कर रहे हैं। इससे पहाड़ों की ओर जाने वाले वाहनों को घंटों तक जाम का सामना करना पड़ रहा है। यहां पैदल चलने वाले लोगों को भी काफी परेशानी हो रही है। मार्ग पर दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। वर्तमान में गोखले मार्ग पूरी तरह अतिक्रमण की जद में आ गया है, लेकिन पुलिस-प्रशासन और नगर निगम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने चेताया कि यदि जल्द ही गोखले मार्ग को अतिक्रमणमुक्त नहीं किया गया तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा। इस मौके पर अविनाथ कुकरेती, पवन रावत, जीतू बिष्ट, हर्देश शर्मा, विपिन चौधरी, लवीश धीमान व मुजीब नैैथानी आदि मौजूद रहे।