कोटद्वार। पंजाब नेशनल बैंक घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने कोटद्वार में गीतांजलि ज्वैलर्स शोरूम में छापेमारी की। अधिकारियों की टीम ने शोरूम के स्टॉक, सेल और अन्य कागजातों की गहनता के साथ जांच की। शुक्रवार रात नौ बजे से शुरू हुई छापे की कार्रवाई शनिवार रात तक जारी रही। इससे शहर को कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही। हालांकि व्यापारियों ने जांच में पूरा सहयोग करने का निर्णय लिया। टीम ने देर रात तक शोरूम का शटर बंद कर दस्तावेजों की जांच की।
पीएनबी घोटाले में अरबपति ज्वैलर्स नीरव मोदी का नाम उजागर होने के बाद प्रवर्तन निदेशालय की नजर उसके सहयोगी कारोबारियों और संबंधियों के ठिकानों पर भी है। इसी क्रम में शुक्रवार रात नौ बजे प्रवर्तन निदेशालय की टीम उप निदेशक रविंद्र जोशी के निर्देश पर यहां सुमन मार्ग स्थित गीतांजलि ज्वैलरी शोरूम पर पहुंची। शोरूम बंद मिलने पर उसके स्वामी को घर से बुला लिया गया और शोरूम खुलवाकर छापे की कार्रवाई शुरू कर दी गई। ईडी की इस कार्रवाई से मौके पर खासी भीड़ एकत्र हो गई। जांच अधिकारियों के शोरूम के अंदर जाते ही पुलिस ने लोगों को वहां से हटाया।
शनिवार सुबह शोरूम में छापे की खबर फैलते ही शहर के व्यापारी शोरूम के आगे एकत्र हो गए, लेकिन पुलिस ने उनको शोरूम के अंदर चल रही जांच के कारण अंदर नहीं जाने दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर के स्वर्णकारों ने बैठक कर मामले में जांच दल को पूर्ण सहयोग करने का निर्णय लिया और सभी ने अपनी दुकानें खोल दी।