कोटद्वार। कोटद्वार को अलग जिला बनाने की मांग को लेकर बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार से जनभावनाओं के अनुरूप कोटद्वार को जिला बनाए जाने की मांग की। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी यदि मांग पूरी नहीं हुई तो क्षेत्रीय जनता को साथ लेकर सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
शनिवार को बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पंत के नेतृत्व में अधिवक्ता तहसील स्थित बार भवन के समक्ष एकत्र और नारेबाजी करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने सरकार पर जनभावनाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोग वर्षों से पौड़ी की भौगोलिक परिस्थितियों से परेशान होकर कोटद्वार को अलग जिला बनाने की मांग कर रहे हैं लेकिन, सरकार जनता की भावनाओं को लेकर कतई गंभीर नहीं है। सरकार की उपेक्षा के कारण लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए पौड़ी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष पंकज कुमार भट्ट, आशुतोष देवरानी, वीपी नौटियाल, दीपक रावत, मुकेश कबटियाल, इंद्रेश भाटिया, ध्यान सिंह नेगी, सुदामा राम अमोली, अभिनाश अग्रवाल, सुरेंद्र सिंह नेेगी, दिलवर सिंह चौहान, धीरेंद्र सिंह रावत, प्रमोद राणा, बृजमोहन नैथानी, श्रद्धानंद, शोभा बहुगुणा भंडारी, कुंवर सिंह गुसाईं आदि मौजूद थे।