कोटद्वार। शनिवार को दिन दहाड़े चोर सिद्धबली मंदिर के दर्शनों के लिए आए श्रद्धालुओं की बोलेरो कार चोरी कर ले गए। चोरी हुआ वाहन कोटद्वार के झंडाचौक और कौड़िया चेक पोस्ट के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है, लेकिन कार चोरों की पहचान नहीं हो सकी है।
बोलेरो वाहन के स्वामी महेश गोयल पुत्र जगदीश प्रसाद निवासी सिंभावली जिला हापुड़ ने घटनाक्रम की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी है। बताया कि शनिवार दोपहर वह अपनी मां, बेटा, बेटी, दामाद और दोस्त के साथ कोटद्वार के प्रसिद्ध धाम सिद्धबली मंदिर के दर्शन करने के लिए आए थे। पार्किंग भरी होने के कारण उन्होंने अपना बोलेरो वाहन सड़क पर बाहर ही खड़ा कर दिया। पूरा परिवार दर्शनों के लिए मंदिर में चला गया। बताया कि करीब दो घंटे बाद दर्शन करके आए तो उनकी बोलेरो कार वहां नहीं थी। इसके बाद वह दोस्त के साथ कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी। सूचना मिलते ही एएसपी डा. हरीश वर्मा भी कोतवाली पहुंच गए। कोतवाली पुलिस ने तत्काल शहर से लेकर कौड़िया चेकपोस्ट तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर पुलिस टीमें यूपी के लिए रवाना कर दी गई हैं।
फोटो समाचार