कोटद्वार। विधानसभा क्षेत्र कोटद्वार में लोकसभा चुनाव को लेकर स्थानीय प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। चुनाव में सीआरपीएफ के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके लिए सीआरपीएफ की एक कंपनी कोटद्वार पहुंच चुकी है। अधिकारियों और पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए अभी तक 95 सरकारी और प्राइवेट वाहनों का अधिग्रहण किया गया है।
सीओ जेआर जोशी ने बताया कि कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में 124 मतदान केंद्रों में 104544 आम मतदाता और 1796 सर्विस मतदाताओं के मताधिकार का प्रयोग करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था का कड़ा प्रबंध किया गया है। इस बार कोटद्वार विधानसभा में सीआरपीएफ के जवानों की कड़ी सुरक्षा में चुनाव संपन्न कराए जाएंगे। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीआरपीएफ की एक कंपनी को तैनात किया गया है।
एआरटीओ आरएस कटारिया ने बताया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट के विभिन्न पोलिंग बूथों पर दौरे के लिए फ्लाइंग स्क्वाड के छापे मारने और स्टेटिक सर्विलांस टीम की प्रतिबंधित सामग्री को कब्जे में लेने और पोलिंग पार्टियों को उनके मतदान केंद्र तक ले जाने और वापस लाने के लिए 95 सरकारी और प्राइवेट वाहनों का अधिग्रहण किया गया है।
एसडीएम कोटद्वार मनीष कुमार सिंह ने बताया कि लोक सभा चुनाव के लिए सभी अधिकारियों को उनकी ड्यूटी बता दी गई है। वाहनों के अधिग्रहण के अलावा सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं।