पौड़ी। बुरी तरह झुलसी हालत में एम्स ऋषिकेश में भर्ती कफोलस्यूं पट्टी की छात्रा को एयर लिफ्ट कर हायर सेंटर रेफर किए जाने की मांग तेज हो गई है। पीड़िता के परिजनों, कांग्रेस प्रदेश महासचिव सहित विभिन्न संगठनों ने पीड़ित छात्रा को सफदरजंग अस्पताल दिल्ली मेें भर्ती कराए जाने की मांग की है।
मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल बिष्ट पीड़ित छात्रा की सुध लेने एम्स ऋषिकेश पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बेहतर उपचार में सहयोग का भरोसा दिया। बिष्ट ने कहा कि एम्स के चिकित्सक पीड़ित छात्रा को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किए जाने की बात कर रहे हैं, लेकिन सरकार पीड़िता को एयर लिफ्ट किए जाने की सुविधा नहीं दे रही है। पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक नमन चंदोला ने भी पीड़ित छात्रा को सफदरजंग अस्पताल रेफर किए जाने की मांग की है। पीड़ित छात्रा के मामा ने बताया कि सोमवार रात को छात्रा पीड़ा से कराहती रही, लेकिन डाक्टर नहीं आए। मीडिया में भी एम्स प्रशासन गलत रिपोर्ट दे रहा है। उन्होंने छात्रा को एयर लिफ्ट कराए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक ने भी अभी तक पीड़िता की कोई सुध तक नहीं ली है। ब्यूरो