कोटद्वार। 14 सूत्री मांगों के समर्थन में तीन वन प्रभागों के दैनिक श्रमिकों का कार्य बहिष्कार दूसरे दिन भी जारी रहा। उन्होंने विभाग के आधा अधिकारियों से उनकी मांग पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग की। ऐसा नहीं होने तक कार्यबहिष्कार जारी रखने और आंदोलन को प्रदेशव्यापी बनाने की चेतावनी दी।
बुधवार को दैनिक श्रमिक संविदा आउटसोर्स श्रमिक संघ के बैनर तले लैंसडौन वन प्रभाग, कालागढ़ टाइगर रिजर्व वन प्रभाग और भूमि संरक्षण वन प्रभाग लैंसडौन के दैनिक संविदा कर्मचारी डीएफओ कार्यालय के समक्ष एकत्र हुए। उन्होंने अपनी न्यूनतम वेतन वृद्धि, एक समान कार्य समान वेतन सहित 14 सूत्री मांगों के समर्थन में कार्यबहिष्कार कर धरना दिया। इस अवसर पर आयोजित सभा में संगठन के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश ने वन अधिकारियों पर उनकी अनदेखी करने का आरोप लगाया। कहा कि न्यायालय के आदेश के बावजूद उन्हें न ही न्यूनतम वेतन वृद्धि का लाभ सहित कई सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैै। उन्होंने चेताया कि शीघ्र उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो कार्यबहिष्कार को प्रदेश व्यापी बना दिया जाएगा। इस मौके पर मोर्चा के प्रांतीय उपाध्यक्ष राकेश तिवारी, संघ उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, रोहित बड़थ्वाल, हेमंत बुडाकोटी, देवेंद्र सिंह, मुकेश, नीरज रावत, राकेश रावत, आनंद, सुनील कुमार, विक्रम सिंह, मिथुन आदि मौजूद थे।