धुमाकोट। कांडा-रौंदेड़ी-अपोलासेरा मार्ग के निर्माण के चलते रौंदेड़ी बड़ी की पेयजल योजना क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे ग्रामीणों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। लोगों ने कार्यदायी संस्था से अविलंब पाइप लाइन की मरम्मत की मांग की है। पेयजल लाइन ठीक न होने पर सड़क निर्माण का कार्य रोकने की चेतावनी दी है।
पूर्व प्रमुख आलम सिंह नेगी और रौंदेड़ी ग्राम पंचायत की प्रधान रेखा देवी ने बताया कि 60 के दशक में गांव से एक किमी दूर कलगोटा रौला से बनी पेयजल योजना से ग्रामीणों को पेयजल आपूर्ति होती आई है। सड़क निर्माण के दौरान जेसीबी द्वारा पाइप लाइन क्षतिग्रस्त करने से गांव में गत एक माह से पेयजल संकट बना हुआ है। राजकीय प्राथमिक विद्यालय रौंदेड़ी में भी स्कूली बच्चों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ रहा है और मिड-डे मील बनाने में दिक्कतें आ रही हैं। संबंधित ठेकेदार से पाइप लाइन ठीक करने को कहा गया, लेकिन अभी तक पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं की गई है।
ग्रामीणों की ओर से पीएमजीएसवाई के बैजरों स्थित सतपुली कार्यालय के साथ ही जल संस्थान को सूचित किया गया है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने चेतावनी दी कि जल्द ही पेयजल योजना की मरम्मत न कराई गई तो ग्रामीण सड़क निर्माण कार्य रोकने के लिए मजबूर होंगे। उधर, पीएमजीएसवाई के अवर अभियंता अरविंद रौथाण ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हुई है तो ठेकेदार को निर्देशित कर पेयजल लाइन को ठीक करा दिया जाएगा।