कोटद्वार। कांडाखाल इंटर कॉलेज के प्रांतीयकरण की मांग को लेकर मंगलवार को क्षेत्रीय ग्रामीणों ने कांडाखाल बाजार में 49वें दिन भी धरना-प्रदर्शन किया। धरना-प्रदर्शन कांडाखाल इंटर कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले किया गया। वक्ताओं ने कहा कि जब तक सरकार कांडाखाल इंटर कॉलेज का राजकीयकरण नहीं करती तब तक आंदोलन जारी रहेगा। समिति ने कहा कि कई सालों में विद्यालय में शिक्षकों की कमी बनी हुई है तथा संसाधनों का टोटा भी टोटा है जिसका इसका एकमात्र समाधान प्रांतीयकरण है।
समिति के संयोजक सत्य प्रसाद कंडवाल ने कहा कि क्षेत्रीय जनता स्कूल को सरकारी करने की मांग कर रही है, जबकि विद्यालय प्रबंधन अपने स्वार्थ की खातिर प्रांतीयकरण का प्रस्ताव तक नहीं भेज रहा है। उन्होंने कहा कि प्रबंधकीय विद्यालयों में संसाधनों और शिक्षकों का अभाव जगजाहिर है। स्कूल का प्रांतीयकरण होने के बाद सरकार पर इसके लिए दबाव बनाया जा सकेगा।
प्रदर्शनकारियों में हर्षदेव नैथानी, समिति के अध्यक्ष रतन कंडवाल, दुर्गा प्रसाद, मुनेश्वर दत्त, भगत सिंह रावत, याकुबुदीन, ध्यान पाल तोमर, बच्ची राम, मुकेश कंडवाल, मदन कंडवाल आदि शामिल रहे।