जयहरीखाल। द्वारीखाल ब्लाक के ग्राम पंचायत मस्ट में चारा पत्ती लेने के लिए जंगल की ओर जा रही दो महिलाओं पर भालू ने हमला कर दिया। जिससे दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। महिलाओं का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जयहरीखाल में इलाज कराया गया। वन विभाग द्वारा दोनों महिलाओं को दिए जाने वाले मुआवजे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मस्ट गांव के ग्रामीण रविंद्र सिंह ने बताया कि सुबह करीब दस बजे उनकी पत्नी पूजा देवी विष्ट (29) और गांव की एक अन्य महिला रंजना देवी (32) पत्नी देवेंद्र सिंह मवेशियों के लिए चारा लेने के लिए जंगल की ओर जा रही थी। गांव से बाहर निकलते ही रास्ते में झाड़ी में छिपे भालू ने अचानक दोनों पर हमला कर दिया। महिलाओं ने भालू के साथ करीब आधा घंटे तक संघर्ष किया। साथ की अन्य महिलाओं द्वारा हो हल्ला किए जाने के बाद भालू भाग गया। इस बीच संघर्ष में दोनों महिलाएं बुरी तरह से घायल हो गई। महिलाओं की सूचना पर परिजन मौके पर गए और घायलों को राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जयहरीखाल पहुंचाया। जहां दोनों का प्राथमिक उपचार करने के बाद छुट्टी दे दी गई।
उधर, लैंसडौन वन प्रभाग की रेंज अधिकारी पूनम कैंथोला ने बताया कि उन्हें भालू द्वारा द्वारीखाल ब्लाक के मस्ट गांव की दो महिलाओं को घायल करने की सूचना मिली है। विभाग द्वारा उनका जयहरीखाल अस्पताल में उपचार कराने के बाद मुआवजे की कार्रवाई की जा रही है।