यमकेश्वर। कृषि विभाग के तत्वावधान में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) योजनांतर्गत आयोजित रवि कृषक गोष्ठी में काश्तकारों को कृषि संबंधी जानकारी दी गई।
सोमवार को यमकेश्वर ब्लाक सभागार में ब्लाक प्रमुख कृष्णा नेगी की अध्यक्षता में गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं फसल बीमा योजना, मृदा परीक्षण, कृषि यंत्रीकरण, जैविक खेती के साथ ही रवि फसलों में लगने वाले कीट एवं रोगों और उनके उपचार के बारे में जानकारी दी गई। गोष्ठी में बडोली बड़ी, दमराडा और कस्याली के महिला समूहों ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर यमकेश्वर की ब्लाक प्रमुख कृष्णा नेगी ने कहा कि सामूहिक खेती से ग्रामीणों को लाभ हो रहा है। उन्होंने अन्य ग्रामीणों को भी समूह बनाकर सामूहिक खेती करने का आह्वान किया। इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। गोष्ठी में खंड विकास अधिकारी यमकेश्वर अर्पणा बहुगुणा ने विकास खंड में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। गोष्ठी में आत्मा योजना यमकेश्वर के अध्यक्ष बचन सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान बडोली बड़ी विजयपाल सिंह, ग्राम प्रधान कस्याली अनिल नेगी, ग्राम प्रधान सीला आशीष रतूड़ी, विकास खंड प्रभारी कृषि मुकेश त्यागी, धवल चौधरी, मुकेश कुमार, अनिल केष्टवाल, निष्ठा रावत, विनोद कुमार व सुनील बर्त्वाल आदि मौजूद रहे।