कोटद्वार। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने एक किशोरी के साथ दुष्कर्म के सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने और इस मामले में अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
शुक्रवार को एबीवीपी के गढ़वाल संयोजक सौरभ नौडियाल और शांतनु थपलियाल की अगुवाई में परिषद के कार्यकर्ता कोतवाली में थाना निरीक्षक उत्तम सिंह जिमिवाल से मिले। उन्होंने कोतवाल को ज्ञापन सौंपकर सोशल मीडिया में पीड़िता की अश्लील तस्वीरें डालने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कुकृत्य करने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई। कोतवाल ने एबीवीपी प्रतिनिधिमंडल को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बताया कि तीन गिरफ्तार हो चुके हैं, चौथे की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। जांच में जो और भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में एबीवीपी नेता शुभम रावत, दीपक सैनी, जगमोहन सिंह, पंकज नेगी, शुभम शर्मा व कार्तिक ध्यानी आदि मौजूद रहे।
-फोटो