कोटद्वार। उक्रांद के केंद्रीय संरक्षक त्रिवेंद्र सिंह पंवार ने कहा कि यूकेडी पुरानी गलतियों को सुधारकर पूरी एकजुटता के साथ निकाय और लोकसभा चुनाव लड़ेगी।
मालिनी मार्केट स्थित व्यापार मंडल सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्रीय संरक्षक त्रिवेंद्र पंवार ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस सत्ता हासिल कर राज्य को लूट रहे हैं। कहा कि विधानसभा में पारित प्रस्ताव में राज्य निर्माण के लिए हरिद्वार कुंभनगरी का भी जिक्र नहीं था। उन्होंने कहा कि गांव बसाओ, राज्य बचाओ यात्रा के दौरान मैदानी क्षेत्रों में करीब 40 हजार सदस्य बनाए गए हैं, जबकि चमोली, रुद्रप्रयाग जनपद में 13 हजार पांच सौ सदस्य बने हैं। तीसरे चरण में यात्रा दो जुलाई से श्रीनगर से शुरू होगी और इसका समापन सात जुलाई को यमकेश्वर ब्लॉक में होगा।
पत्रकार वार्ता से पूर्व केंद्रीय संरक्षक ने यूकेडी कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया। बताया कि दो जुलाई को पार्टी की गांव बसाओ, उत्तराखंड बचाओ यात्रा श्रीनगर, तीन जुलाई को पौड़ी, चार जुलाई को चौबट्टाखाल, पांच जुलाई को लैंसडौन, छह जुलाई को कोटद्वार और सात को यमकेश्वर पहुंचेगी। इस मौके पर यूकेडी के केंद्रीय महामंत्री जयदीप भट्ट, कोटद्वार जिलाध्यक्ष जगदीपक सिंह रावत, पौड़ी जिलाध्यक्ष सुबोध पोखरियाल, मोहित डोभाल, यतेंद्र रूडोला और महेंद्र रावत आदि मौजूद थे।