कोटद्वार। पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलिंडर के दामों में वृद्धि किए जाने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला फूंका। उन्होंने सरकार से पेट्रो पदार्थों की कीमतें कम करने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
बुधवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा. चंद्रमोहन खर्कवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता गढ़वाल टाकीज स्थित जिला कार्यालय में एकत्र हुए। उन्होंने पेट्रो पदार्थों की कीमतों को लेकर पटेल मार्ग तिराहे तक जुलूस निकाला और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री का पुतला फूंका। इस अवसर पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने सरकार पर महंगाई बढ़ाने का आरोप लगाया। कहा कि पेट्रो पदार्थों की कीमत बढ़ने से देश में महंगाई चरम पर पहुंच गई है। घरेलू गैस सिलिंडर कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में साढ़े तीन सौ रुपये का मिलता था, आज भाजपा ने सिलिंडर के दामों को बढ़ाकर साढे़ सात से आठ सौ तक कर दिया है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि मोदी सरकार पेट्रो पदार्थों के पैसों का चुनाव में इस्तेमाल कर रही है और धन बल से ही चुनावों को प्रभावित कर अपने पक्ष में माहौल बना रही है। आगामी लोकसभा चुनाव में देश की जनता भारतीय जनता पार्टी को जरूर सबक सिखाएगी।
इस मौके पर नगर अध्यक्ष संजय मित्तल, पूर्व दर्जाधारी राज्य मंत्री जसवीर राणा, दर्शन सिंह रावत, विजय नारायण सिंह, शकुंतला चौहान, गीता नेगी, एसए अंसारी, राकेश मित्तल, विजय माहेश्वरी, चंद्रमोहन रावत, गणेश नेगी, हरीश बिष्ट, कमला शाह व हेमचंद्र पंवार आदि मौजूद थे।
-फोटो