कोटद्वार। यूकेडी का नगर निगम हटाओ और कोटद्वार को जिला बनाओ आंदोलन सोमवार को 15वें दिन में पहुंच गया है। केंद्रीय संगठन मंत्री हरीश द्विवेदी के नेतृत्व में सोमवार को यूकेडी कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने राज्य सरकार और स्थानीय विधायक पर जनभावनाओं की अनदेखी का आरोप लगाया। कहा कि विधानसभा चुनाव में कोटद्वार जिला सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा था, लेकिन चुनाव जीतने के बाद यह मुद्दा भुला दिया गया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान यूकेडी कार्यकर्ताओं ने नगर क्षेत्र की अव्यवस्थाओं पर चिंता जताई। कहा कि भाबर के लोग कोटद्वार नगर के हाल देखकर ही नगर निगम का विरोध कर रहे हैं। कहा कि नगर पालिका और कोटद्वार के जनप्रतिनिधि चार साल से मोटर नगर के बस अड्डे को नहीं बनवा सके। हाल यह है कि गड्डा खोदकर छोड़ दिया गया है। कहा कि कोटद्वार नगर क्षेत्र अतिक्रमण और अव्यवस्थाओं का पर्याय बनकर रह गया है। यही वजह है कि ग्रामीण क्षेत्र की जनता ग्राम पंचायत व्यवस्था ही चाहती है।
धरना-प्रदर्शन में श्रवण सिंह रावत, बालम सिंह नेगी, दर्शन सिंह नेगी, राजकुमार गुप्ता, रामकुमार माहेश्वरी, आकाश बडोला, शिशुपाल सिंह नेगी, विजय मेहरा, हर्षिता चमोला, बीना जोशी, सुषमा नेगी और प्रवेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद थे।
फोटो