कोटद्वार। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में आयोजित नाटक रंगमंच और नृत्य की कार्यशाला में महाविद्यालय के छात्र छात्राओं ने रंगमंच के माध्यम से व्यावसायिक क्षमताओं के विकास के गुर सीखे। समापन पर आयोजकों ने स्टेज नाइन मुंबई के डायरेक्टर पुष्पराज सिंह रावत और सहयोगी संजोग शाही को सम्मानित किया।
शनिवार को महाविद्यालय में आयोजित कार्यशाला के समापन पर महाविद्यालय के प्राचार्य डा. एसएल भट्ट ने कहा कि सच्चा अध्यापक वही होता है जो जीवन के विभिन्न अनुभवों के आधार पर अपनी कक्षाओं को संवारे और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान सुनिश्चित करे। उन्होंने प्रतिभागियों से कार्यशाला में सीखे रंगमंच के विभिन्न आयामों को आत्मसात करते हुए उन्नति के पथ पर अग्रसित रहने की अपील की।
कार्यशाला समन्वयक डा. आरएस चौहान ने कहा कि अच्छे शिक्षक के लिए शिक्षण की दक्षता के साथ एक अच्छा वक्ता और अच्छा अभिनेता होना नितांत आवश्यक है। कहा कि वर्तमान दौर में रंगमंच भविष्य को संवारने का सफल जरिया बनता जा रहा है। युवक युवतियां एक्टिंग और सिंगिंग के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर अपने क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन कर रहे हैं।
इस अवसर पर कार्यशाला आयोजक डा. स्वाति नेगी, बीएड विभागाध्यक्ष डा. डीएम शर्मा, डा. हरीश प्रजापति, डा. निरंजना शर्मा, डा. डीके जोशी, डा. अनिल मान, डा. रश्मि बहुखंडी, डा. सुरमान आर्य, संदीप किमोठी व शेखर मैठाणी आदि मौजूद थे।
-फोटो