कोटद्वार/धुमाकोट। समाज के बीपीएल, अंत्योदय, एससी, एसटी, वंचित, पिछड़े वर्ग एवं अंत्योदय कार्ड धारकों को रसोई गैस कनेक्शन निशुल्क हासिल करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से सुनहरा मौका दिया गया है। इसके लिए 20 अप्रैल को कोटद्वार के मालवीय उद्यान और रामणी पुलिंडा में एलपीजी उज्जवला पंचायत का आयोजन किया जा रहा है। यहां पर प्रमाणपत्र और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद गैस कनेक्शन दिए जाएंगे।
प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन पाने के लिए अब वर्ष 2011 में जारी एसीसीई डाटा सूची में नाम होना जरूरी नहीं है। इंडियन ऑयल के अधिकारियों ने गैस एजेंसियों को दिए निर्देश में कहा है कि अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अंत्योदय कार्ड धारक अब प्रमाणपत्र के माध्यम से गैस कनेक्शन हासिल कर सकते हैं। कोटद्वार में सिद्धबली गैस एजेंसी की संचालक अनीता आर्य ने बताया कि 20 अप्रैल को मालवीय उद्यान के रामलीला मैदान में एक शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
जीएमवीएन की कोटद्वार गैस एजेंसी की ओर से 20 अप्रैल को रामणी पुलिंडा में शिविर का आयोजन किया जाएगा।