कोटद्वार। छेड़खानी प्रकरण में बिना नोटिस और जांच के वकील की गिरफ्तारी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को बार एसोसिएशन के आह्वान पर वकील न्यायिक कार्यों से विरत रहे। सिमलचौड़ कोर्ट में बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार किया। इससे वादकारियों को बिना काम कराए ही लौटना पड़ा। शुक्रवार को भी वकील कार्य बहिष्कार पर रहेंगे।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पंत और सचिव आशुतोष देवरानी ने बताया कि बार एसोसिएशन वकील मुकेश कपटियाल की गिरफ्तारी को पूरी तरह से राजनीतिक साजिश मानती है। इस प्रकरण से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं। इस मसले पर बार का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही उच्चाधिकारियों से मिलकर वार्ता करेगा। कहा कि बिना नोटिस और जांच के एक वकील को गिरफ्तार करने के इस मामले में दो दिन का कार्य बहिष्कार घोषित किया गया है। शुक्रवार को भी वकील न्यायिक कार्य बहिष्कार पर रहेंगे।