किशनपुर (कोटद्वार)। भाबर के झंडीचौड़ पश्चिमी में विश्वकर्मा दिवस पूजा-अर्चना के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विश्वकर्मा उत्थान समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में समिति के सदस्यों ने वनमंत्री हरक सिंह रावत को स्थानीय समस्याओं की जानकारी देते हुए आठ सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। वन मंत्री ने शीघ्र ही समस्याओं का निस्तारण करने का भरोसा दिलाया।
रविवार को श्री विश्वकर्मा मंदिर झंडीचौड़ पश्चिमी परिसर में राजेंद्र गोथवाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर में विश्वकर्मा की पूजा अर्चना के साथ किया। इसके बाद समिति के अध्यक्ष सुखपाल शाह ने मुख्य अतिथि वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत के समक्ष क्षेत्रीय समस्याओं की जानकारी देते हुए मांग पत्र सौंपा। इसमें समिति ने चिलरखाल-लालढांग मोटर मार्ग के निर्माण, भूमिहीन ग्रामीणों के नाम पर पट्टे दर्ज करने, जंगल से सटे गांवों में सुरक्षा दीवार बनवाने, तेलीस्रोत में सुरक्षा दीवार बनवाने, श्रमिकों को श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ देने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झंडीचौड़ का उच्चीकरण करने, श्रमिकों के न्यूनतम वेतन को बढ़ाने की मुख्य मांगें रखी। इस अवसर पर सिद्धबली मंदिर समिति के संरक्षक विमल प्रसाद शुक्ला ने वन मंत्री से जीआईसी कण्वघाटी के निर्माणाधीन भवन के शीघ्र निर्माण करने और वन क्षेत्र में सौर ऊर्जा बाड़ की मरम्मत करने की मांग की। वन मंत्री ने शीघ्र समस्याओं का निवारण करने का आश्वासन दिया। कहा कि श्रम विभाग की ओर से आगामी वर्ष में करीब पांच लाख श्रमिकों के रजिस्ट्रेशन किए जाएंगे। इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष धीरेंद्र चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष रश्मि राणा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमन कोटनाला, ग्राम प्रधान वीरेंद्र पाल, महेंद्र सिंह, राजेश गौड़, सुनीता देवी मौजूद रहे।