कोटद्वार। राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम कोटद्वार में पूर्व पालिकाध्यक्ष स्व. शशीधर भट्ट की स्मृति में चल रहे आठ दिवसीय गढ़वाल कप फुटबाल टूर्नामेंट के चौथे दिन बुधवार को दो क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। जिसमें 16वीं गढ़वाल राइफल्स और आरेवा नोएडा ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
टूर्नामेंट के चौथे दिन का उद्घाटन मुख्य अतिथि सूबेदार मेजर शैलेंद्र मोहन सिंह बिष्ट ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। पहला लीग मुकाबला 16वीं गढ़वाल राइफल्स और दिल्ली कस्टम की टीमों के बीच खेला गया। पहले हाफ के 16वें मिनट में गढ़वाल राइफल्स के खिलाड़ी एंजिल रावत ने गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
दूसरे हॉफ के 53वें मिनट में अमन ने गोल दागकर अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। एंजिल रावत ने 57वें मिनट में तीसरा व 75वें मिनट में चौथा गोल दागा। दिल्ली कस्टम के नितिन ने 80वें मिनट में गोल दागकर अपनी टीम को 4-1 के अंतर पर ला दिया। अंत तक स्कोर यही रहा और गढ़वाल राइफल्स ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। गढ़वाल राइफल्स के एंजिल रावत ने मैच में गोल की हैट्रिक जमाई।
दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले का उद्घाटन मंडी समिति के निवर्तमान अध्यक्ष सुमन कोटनाला ने किया। दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला आरेवा नोएडा व पौड़ी जिला फुटबाल एसोसिएशन के बीच खेला गया। पहले हाफ के 9वें मिनट में पौड़ी के राहुल ने गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। आरेवा नोएडा की ओर से फहेद डीको ने 31वें मिनट में गोल दागकर मैच को बराबरी पर ला दिया। नोएडा के खिलाड़ी हाजिम ने 40वें मिनट में दूसरा गोल दागा। दूसरे हाफ में पौड़ी की टीम ने गोल उतारने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। इस तरह आरेवा नोएडा 2-1 से मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंची। रेफरी की भूमिका रोहित, शिवम, प्रकाश, रितिक नेगी ने निभाई। मैच का आंखों देखा हाल सुरदीप गुसाईं, तरुण इष्टवाल और अनूप जखमोला ने सुनाया। इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष अरुण भट्ट, जिला फुटबाल एसोसिएशन पौड़ी के सचिव सुनील रावत, गोपाल जसोला, विपिन चौहान, सिद्धार्थ, विजय राज, हरीश वर्मा आदि मौजूद रहे।
.
बृहस्पतिवार के मुकाबले
पहला क्वार्टर मुकाबला: कण्व सिटी यूनाइटेड कोटद्वार बनाम जयपुर एलाइट एफसी सुबह 11:30 बजे।
दूसरा क्वार्टर मुकाबला: वैलोसिटी एकेडमी चंडीगढ़ बनाम दून सिटी एफसी दोपहर 1:00 बजे।