कोटद्वार। नगर निगम के वार्ड नंबर-22 सिम्मलचौड़ के पार्षद प्रत्याशी विकास कुमार आर्य ने नगर निगम चुनाव में वार्ड के सैकड़ों मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब होने पर रोष जताया है। उन्होंने दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।
मंगलवार को पार्षद प्रत्याशी विकास कुमार आर्य ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम पौड़ी को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में उन्होंने कहा कि नगर निगम के 18 नवंबर को हुए चुनाव में बड़ी संख्या में मतदाता मतदान करने पहुंचे थे, लेकिन सुरेश कुमार, जगमोहन सिंह, दलीप कुमार, कांति देवी समेत सैकड़ों पुराने मतदाताओं के नाम सूची से गायब होने से वे अपने संवैधानिक मताधिकार का प्रयोग नहीं कर पाए। ज्ञापन में उन्होंने मामले की जांच कर मतदाता सूची बनाने में लापरवाही बरतने वाले दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।