कोटद्वार। कोटद्वार भाबर क्षेत्र के दुर्गापुर में शराब की दुकान स्वीकृत करने से भड़के क्षेत्रवासियों ने दूसरे दिन शुक्रवार को तहसील मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। कहा कि सरकार के इस निर्णय से लोगों में भारी आक्रोश है। महिलाओं के आंदोलन को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने समर्थन देते हुए प्रशासन को दुर्गापुर में शराब की दुुकान न खोलने की चेतावनी दी। एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्रवासियों ने दुुर्गापुरी में स्वीकृत शराब के ठेके को निरस्त करने की मांग की।
शुक्रवार को दुर्गापुर और आसपास के गांवों की महिलाएं बड़ी संख्या में एकत्र होकर कोटद्वार तहसील पहुंची। यहां उन्होंने शासन, प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। एबीवीपी के गढ़वाल संयोजक सौरभ नौडियाल, गौरव जोशी, शांतनु थपलियाल, शुभम रावत की अगुवाई में छात्र संगठन ने शराब के नए ठेके खोलने का विरोध जताया। पदमपुर मोटाढांक की प्रधान रेखा रावत, शिवराजपुर की ग्राम प्रधान जीना देवी, बीडीसी मेंबर मनमोहन, ममता तिवारी, ज्योति देवी, जिला पंचायत सदस्य बलदेव सिंह, उर्मिला देवी, अनिता शर्मा ने चेतावनी दी है कि यदि दुर्गापुर और आसपास के क्षेत्र में शराब की दुकान खोलने का प्रयास किया गया तो लोग हरिद्वार मार्ग ही नहीं कोटद्वार शहर को भी जाम कर देंगे। उन्होंने एसडीएम से तत्काल प्रभाव से दुर्गापुरी में शराब की दुकान खोलने के निर्णय को वापस लेने की मांग की है।
फोटो