कोटद्वार। कोटद्वार में गढ़वाल मंडल की सेना भर्ती की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन द्वारा किए गए दावों की पोल खुल गई है। प्रशासन की लापरवाही के चलते इन दिनों कुछ होटल स्वामी और खाना बनाने वाले युवाओं से मनमर्जी के पैसे वसूल रहे हैं।
भर्ती शुरू होने से पहले पुलिस और प्रशासन ने होटल स्वामियों, परिवहन व ढाबे वालों की बैठक बुलाकर उन्हें गढ़वाल मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचने वाले युवाओं से नाजायज वसूली नहीं करने के निर्देश दिए थे। वर्तमान में आलम यह है कि कोटद्वार में किसी तरह से पैसों की व्यवस्था कर भर्ती में पहुंचने वाले युवाओं को 6000 रुपये तक होटल का कमरा, 60 रुपये में चार रोटी और एक कटोरी दाल उपलब्ध कराई जा रही है। यही नहीं, फोटो स्टेट वाले युवाओं से एक कॉपी के चार से पांच रुपये वसूले जा रहे हैं।
भर्ती होने पहुंचे टिहरी के नीरज सिंह, संजय कुमार, राकेश कोटियाल व जगदंबा पंवार ने स्थानीय प्रशासन पर किसी प्रकार की व्यवस्था नहीं करने का आरोप लगाया। कहा कि देवी रोड पर एक होटल में उन्हें छह हजार रुपये में कमरा दिया गया। वहीं बाजार में खाने के 60 रुपये में चार रोटी और एक कटोरी दाल का पानी दिया गया।
उधर, एएसपी डा. हरीश वर्मा ने बताया कि उनकी ओर से होटल स्वामियों और ढाबे वालों को मनमाना पैसा नहीं लेने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। अगर कोई मनमाना पैसा वसूल रहा है तो इसकी शिकायत पुलिस से करें, कार्रवाई की जाएगी।
इंसेट-
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने युवाओं के लिए खोला हाल
एक ओर जहां शहर में कुछ होटल स्वामी युवकों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं, वहीं गोविंदनगर स्थित गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी की ओर से दूरदराज से भर्ती होने के लिए पहुंच रहे युवकों के लिए गुरुद्वारा का बड़ा हाल खुलवा दिया गया है। यहां युवाओं के लिए बिजली, पानी और शौचालय की निशुल्क व्यवस्था की गई है। युवा बगल में टेंट हाउस से 20 रुपये किराए पर रजाई गद्दा लाकर सो रहे हैं। वहीं कौड़िया में एक खाने वाला युवकों को 40 रुपये में भर पेट खाना उपलब्ध करा रहा है।